पिछोर, 31 अगस्त 2026। शिवपुरी-ओरछा प्रवास के तीसरे दिन स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पिछोर विधानसभा क्षेत्र को ₹14 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने अछरौनी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, चमरौआ एवं पिपरा में विद्युत उपकेन्द्र तथा बामौरकलां में उप तहसील भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही धापोरा-टेराई एवं भागारी-रामपुरा-टापरान सड़कों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।
अछरौनी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने अछरौनी में लगभग ₹3 करोड़ की लागत से निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण किया। इसके शुरू होने से अछरौनी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
सिंधिया ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। पिछोर विधानसभा क्षेत्र में 100 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण भी जारी है।
चमरौआ और पिपरा में विद्युत उपकेन्द्र शुरू
चमरौआ में लगभग ₹2 करोड़ की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र का लोकार्पण किया गया। इससे आसपास की लगभग 20 से 25 हजार आबादी को लाभ मिलने की उम्मीद है।
पिपरा में ₹1.46 करोड़ की लागत से निर्मित विद्युत उपकेन्द्र का भी लोकार्पण हुआ। इससे क्षेत्र के लगभग 17 हजार नागरिक लाभान्वित होंगे। दोनों उपकेन्द्रों के शुरू होने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
70 गांवों को मिलेगी नजदीकी प्रशासनिक सुविधा
बामौरकलां में ₹1.24 करोड़ की लागत से निर्मित उप तहसील भवन का लोकार्पण किया गया। उप तहसील शुरू होने से क्षेत्र के 70 गांवों के नागरिकों को राजस्व एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
क्षेत्रवासियों ने जनसुनवाई के दौरान उप तहसील स्थापित किए जाने की मांग रखी थी, जिसे केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के प्रयासों से पूरा किया गया।
₹6.47 करोड़ की दो सड़कों का भूमिपूजन
सिंधिया ने धापोरा-टेराई मार्ग के ₹3.17 करोड़ तथा भागारी-रामपुरा-टापरान मार्ग के ₹3.30 करोड़ की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।
इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की आवागमन व्यवस्था बेहतर होगी। किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों के आवागमन तथा ग्रामीण परिवारों को स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प पर जोर
इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछोर विधानसभा क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। आने वाले समय में भी पिछोर विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई सौगातें मिलती रहेंगी।

