शिवपुरी, 18 अगस्त 2026- कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान ग्राम सड़बूड़, तहसील बदरवास निवासी 70 वर्षीय श्री बादल सिंह यादव की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मृत्यु हो गई। श्री यादव अपनी समस्या के निराकरण के संबंध में आवेदन प्रस्तुत करने के लिए जनसुनवाई में उपस्थित हुए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री बादल सिंह यादव जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपना आवेदन प्रस्तुत किया। उन्हें जनसुनवाई के लिए टोकन क्रमांक 35 प्रदान किया गया। आवेदन जमा करने के उपरांत वे अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें चक्कर आया और वे वहीं जमीन पर गिरकर अचेत हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही जनसुनवाई में उपस्थित चिकित्सक डॉ. खंडोलिया द्वारा उनका परीक्षण किया गया। उनकी स्थिति को देखते हुए तत्काल एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री बादल सिंह यादव पूर्व से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। उनके परिजनों ने बताया कि वर्ष 2014 में उन्हें मेजर हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद हमीदिया चिकित्सालय एवं एलबीएस हार्ट हॉस्पिटल भोपाल में उनका उपचार चलता रहा। परिजनों के अनुसार, घटना के दिन भी वे घर से शिवपुरी में दवाइयां लेने की बात कहकर निकले थे। परिजनों द्वारा यह भी बताया गया कि श्री बादल सिंह यादव के पुत्र श्री राजकुमार यादव को भी दो-तीन दिन पूर्व मेजर हार्ट अटैक आया था और वे वर्तमान में आईसीयू में भर्ती हैं।
घटना की सूचना तत्काल श्री यादव के परिजनों एवं पुलिस को दी गई। पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनसुनवाई के दौरान श्री यादव की तबीयत अचानक खराब होने की जानकारी मिलते ही उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई तथा एंबुलेंस से तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। जिला प्रशासन द्वारा तत्काल परिजनों से संपर्क किया गया और मृतक बुजुर्ग के परिजन शिवपुरी पहुंचे और तब उनकी बीमारी के बारे में भी उन्होंने बताया।

