पसरदेवी मंदिर के पीछे फिर दिखे खुदाई के निशान, पुजारी ने पुलिस को दी सूचना

Ajay sharma
0

 


शिवपुरी। ऐतिहासिक नरवर किले में एक बार फिर कथित दफीनाखोरों की गतिविधियों की आशंका सामने आई है। किले में स्थित पसरदेवी मंदिर के पीछे पहले बंद की गई सुरंग के पत्थर हटे मिले। सुरंग के भीतर ताजा मिट्टी के निशान और चार प्लास्टिक के कट्टे मिलने के बाद मंदिर के पुजारी नितिन भार्गव ने नरवर थाना पुलिस को सूचना दी।


बताया गया है कि सोमवार सुबह पुजारी ने मंदिर के पीछे जाकर देखा तो जिस स्थान पर करीब 20 फीट गहरी सुरंग को पत्थरों और मिट्टी से बंद किया गया था, वहां पत्थर बिखरे पड़े थे। संदेह होने पर अंदर जाकर जांच की गई तो चार कट्टे और ताजा खुदाई के संकेत दिखाई दिए। पुजारी के अनुसार, आशंका है कि इन कट्टों का इस्तेमाल खुदाई से निकली मिट्टी को बाहर ले जाने के लिए किया जाना था।

उल्लेखनीय है कि गत 10 अप्रैल को भी मंदिर के पीछे खुदाई कर बनाई गई करीब 20 फीट गहरी सुरंग सामने आई थी। उस समय खुदाई में इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिलने के बाद पुजारी ने सुरंग को मिट्टी और बड़े पत्थरों से बंद कराया था।


नरवर किले से हाल ही में ऐतिहासिक तोप चोरी होने की घटना के बाद एक बार फिर किले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सुरंग की दोबारा खुदाई की आशंका ने यह चिंता बढ़ा दी है कि किले के भीतर असामाजिक तत्वों की आवाजाही अब भी जारी हो सकती है।

स्थानीय स्तर पर मांग उठ रही है कि किले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए और पुरातात्विक महत्व वाले क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि किसी भी संभावित नुकसान या चोरी की घटना को समय रहते रोका जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default