शिवपुरी, 28 नवम्बर 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में शिवपुरी जिले के ग्राम ख्यावदा कला में गत दिवस हैप्पी सीडर मशीन से गेहूं की सीधी बोनी का प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह प्रदर्शन किसानों को पराली प्रबंधन की आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराने के उद्देश्य से किया गया, ताकि किसान नरवाई न जलाएं और पर्यावरण अनुकूल तरीकों को अपनाएं।
पराली व नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान को रोकने तथा खेती को अधिक व्यावहारिक बनाने के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग जरूरी है। इसी उद्देश्य से ग्राम ख्यावदा कला में हैप्पी सीडर मशीन से गेहूं की सीधी बोनी का प्रदर्शन आयोजित कर किसानों को आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान हैप्पी सीडर मशीन से गेहूं की सीधी बोनी की प्रक्रिया दिखाई गई, जिससे किसानों को पराली प्रबंधन की आधुनिक विधि की जानकारी मिली। इस अवसर पर कृषि अभियांत्रिकी की कस्टम हायरिंग योजना से लाभान्वित किसान श्री हाकिम सिंह जाटव ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा नरवाई न जलाने के प्रति जागरूक करना रहा, जिससे खेतों की उर्वरता और पर्यावरण दोनों सुरक्षित रह सकें।
इस आयोजन में कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एम.के. भार्गव, कृषि अभियांत्रिकी विभाग के सहायक कृषि यंत्री श्री भगवान सिंह नरवरिया तथा कृषि महाविद्यालय ग्वालियर से आए रावे के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
